Tuesday, 7 September 2010

मांगलिक होना दोष नहीं है

आमतौर पर यही सुनने को मिलता है कि मांगलिक होना शुभ नहीं है। कम से कम लड़कियों के मामले में जरूर यही कहा जाता है। बहुत से तथाकथित ज्ञानी (जोकि वास्तव में ज्ञानी नहीं हैं, कम से कम मेरी नजर में) ज्योतिषों ने यह दुष्प्रचार कर रखा है कि मांगलिक होना खराब है। मगर, क्या आप जानते हैं कि मांगलिक होने से होता क्या है? मंगल ग्रह करता क्या है? जातक मांगलिक कैसे होता है? दरअसल, यह एक तर्कसंगत ग्रह है, जो कि लग्न, चौथे भाव, सातवें भाव, आठवें भाव और बारहवें भाव में मंगल ग्रह होने पर जातक मांगलिक होता है। इसकी शुक्र के साथ युति होने से व्यक्ति गतिणतज्ञ बनता है। कड़े निर्णय लेता है। मांगलिक व्यक्ति प्रेम भी करेगा तो तर्क के साथ। उसके प्रेम में दो और दो चार होगें, चाहें परिस्थितियां कैसी भी हों। अन्य प्रेमी परिस्थितियों के अधीन दो और दो का जोड़ तीन या पांच भी कर सकते हैं।
 बात करते हैं विवाह की। वर में मांगलिक दोष हो तो चल जाता है, लेकिन कन्या में मांगलिक दोष वैवाहिक जीवन को खराब कर देता है। मांगलिक लड़की की एक गैर मांगलिक लड़के साथ शादी हो तो कन्या वर पर दबाव बनाए रखेगी। यानी सीधे शब्दों में कहा जाए तो वर पर हावी रहेगी। ऐसा में यदि वर संवेदनशील है तो वैवाहिक जीवन में व्यवधान तो होंगे ही। वहीं, वर के मांगलिक होने और कन्या मांगलिक न हो तो वर-वधु पर हावी रहेगा। ऐसा अपने भारतीय समाज में ठीक भी माना जाता है।
मंगल ग्रह यदि आठवें या बारहवें भाव में हो तो ऐसा होना खराब होता है। हालांकि, कुछ विशेष परिस्थितियों में या शुभ ग्रहों की युति से कुछ अच्छे परिणाम भी दे सकता है। लग्न में मंगल जातक के व्यक्तित्व को बहुत तीक्ष्ण बना देता है। वहीं, चौथे भाव में मंगल जातक को कड़ी पारिवारिक पृष्ठभूमि देता है। सातवें स्थान का मंगल जातक को साथी या सहयोगी के प्रति कठोर बनाता है। आठवें और बारहवें स्थान का मंगल आयु और शारीरिक क्षमताओं को प्रभावित करता है। इन स्थानों पर बैठा मंगल यदि अच्छे प्रभाव में है तो जातक के व्यवहार में मंगल के अच्छे गुण आएंगे और खराब प्रभाव होने पर खराब गुण आएंगे। जैसे मंगल की शुभ ग्रहों के साथ युति जातक को सेना, पुलिस आदि में उच्च पदों पर ले जाती है। वहीं अशुभ ग्रहों की स्थिति चोर, डाकू या आतंकवादी बना सकती है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि उच्चपदस्य सैन्य अधिकारी और कुख्यात आतंकवादी दोनों की कुंडली में मंगल ग्रह का जबरदस्त प्रभाव होगा।
मांगलिक व्यक्ति कठोर निर्णय लेने वाला, कठोर वचन बोलने वाला, लगातार काम करने वाला, विपरीत लिंग के प्रति कम आकर्षित होने वाला, योजनाबद्ध काम करने वाला, कठोर अनुशासन वाला, नए अनजाने कामों को शीघ्रता से हाथ में लेने वाला और लड़ाई को तत्पर रहता है। इसके चलते गैर मांगलिक जातक इनके साथ अधिक समय तक नहीं रह पाते।

Monday, 6 September 2010

ज्योतिष लय ब्रह्मांड की...

ज्योतिष विद्या भारत की बहुत सी महान उपलब्धियों में से एक है। हमारे ऋषियों और मुनियों ने वर्षों की अथाह मेहनत के बाद इस इस विज्ञान को लिपिबद्ध किया। ज्योतिष की शुरुआत समस्याओं के निरकरण के लिए नहीं हुई थी। यह तो महज मानव मन की जिज्ञासा थी, जो सबसे पहले सूर्य, चांद, पृथ्वी और तारों को देखकर सहज ही सबसे पहले इंसान के दिमाग में आई। जब इसके बारे में और जानने की इच्छा हुई तो ऋषियों ने सूर्य के दिन में और चंद्रमा के रात में निकलने का कारण जानना चाहा। इस दौरान उन्हें पृथ्वी के परिभ्रमण और परिक्रमण का पता चला, जिसकी वजह से दिन और रात होते थे। मौसम में परिवर्तन भी इसी कारण से होता था। यही ज्ञान धीरे-धीरे बढ़ता गया और ज्योतिष विधा का जन्म हुआ। शुरुआत में इंसान के पास न तो रहने की समस्या थी और न ही खाने की। ऐसे में ज्योतिष का प्रयोग मौसम की जानकारी करने के लिए होता था। मगर, आज जबकि समय तेजी से चल रहा है और लोगों के पास हजारों समस्याएं हैं, ऐसे में उनका कारण और निराकरण सिर्फ इसी विधा से सही से लगाया जा सकता है क्योंकि यह विज्ञान पर आधारित है। कुंडली पर आधारित फलित ज्योतिष का संबंध वेदों से नहीं है।
ज्योतिष विज्ञान की श्रेणी में आता है। यह उतना ही पुराना है जितने की वेद। इसलिए इसे वेदांग भी कहते हैं। जो तारे-सितारों की चमक या ज्योति दिखाई दे रही है उसका धरती के मौसम और जीवों के शरीर तथा मन पर होने वाले असर का अध्ययन करने की विद्या को ही ज्योतिष विद्या कहा जाता है। वैदिक ज्ञान के बल पर भारत में एक से बढ़कर एक खगोलशास्त्री, ज्योतिष व भविष्यवक्ता हुए हैं। इनमें गर्ग, आर्यभट्ट, भृगु, बृहस्पति, कश्यप, पाराशर वराहमिहिर, पित्रायुस, बैद्धनाथ आदि प्रमुख हैं। वराहमिहिर का ज्ञान काफी उच्चकोटि का था और इस ज्ञान को उन्होंने यवनों को भी दिया था। भारत से यह ज्ञान ग्रीक गया। भारत के साथ ही ग्रीक, चीन, बेबीलोन, परशिया (ईरान) आदि देशों के विद्धानों ने भी ज्योतिष शास्त्र का विस्तार अपने यहां की आबोहवा को जानकर किया। आज से करीब 2600 वर्ष पूर्व चेल्डिया के पंडितों व पुजारियों ने इस विषय पर गहन शोध किया और इसकी बारीकियों को उजागर किया।

'ज्योतिष लय ब्रह्मांड की बहती सरित समान, उद्गम पर अध्यात्म है संगम पर विज्ञान'


प्रारंभ में यह ज्ञान राजा, पंडित, आचार्य, ऋषि, दार्शनिक और विज्ञान की समझा रखने वालों तक ही सीमित था। ये लोग इस ज्ञान का उपयोग मौसम को जानने, वास्तु रचना करने तथा सितारों की गति से होने वाले परिवर्तनों को जानने के लिए करते थे। इस ज्ञान के बल पर वे राज्य को प्राकृतिक घटनाओं से बचाते थे और ठीक समय पर ही कोई कार्य करते थे। धीरे-धीरे यह विद्या जन सामान्य तक पहुंची तो राजा और प्रजा सहित सभी ने इस विद्या में मनमाने विश्वास और धारणाएं जोड़ी। अंध विश्वास के काराण धीरे-धीरे इसमें विकृतियां आने लगीं, लोग इसका गलत प्रयोग करने लगे। राजा भी इस विद्या के माध्यम से लोगों को डराकर अपने राज्य में विद्रोह को दबाना चाहता था और पंडित ने भी अपना चोला बदल लिया था। यह बिल्कुल उसी तरह से हो गया, जैसा आज सत्ता और पुलिस प्रशासन के बीच अवैध संबध हैं। इस सब कारण के चलते विद्धान ज्योतिषाचार्य व ज्योतिषग्रंथ समाप्त हो गए। शोध कार्य मृतप्राय होकर बंद हो गया। अज्ञानी लोगों ने ज्योतिष का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया। इसे व्यापार का रूप देकर धन कमाने के लालच में झाूठी भविष्यवाणी करके शोषक वर्ग शोषण के धंधे में लग गया। जो भविष्यवाणी सच नहीं होती उसके भी मनमाने कारण निर्मित कर लिए जाते और जो सच हो जाती उसका बढ़ाचढ़ाकर प्रचार-प्रसार किया जाता है। ऐसे में जरूरत है इस विद्या के बारे में सही जानकारी प्राप्त कर सही ज्ञान का विस्तार करने की।
शुभम् भूयात।

शशांक शेखर बाजपेई (09977818811)
उमेश गुप्ता 'उद्देश्य' (09219280518)